सड़क हादसों से बचाने पचपेड़ी में आवारा मवेशियों को पहनाई गई रेडियम बेल्ट
बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत पचपेड़ी में सड़क सुरक्षा की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। मेन रोड पर विचरण कर रहे आवारा पशुओं को अब सड़क हादसों से बचाने के लिए रेडियम बेल्ट पहनाई जा रही है। यह अभिनव पहल ग्राम पंचायत, पशु चिकित्सा विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त भागीदारी से की गई, जिससे रात्रिकालीन समय में मवेशियों की उपस्थिति को वाहन चालकों द्वारा आसानी से पहचाना जा सके और दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।
रेडियम बेल्ट पहनाए गए आवारा मवेशियों को
आज पचपेड़ी मेन रोड पर सड़कों पर घूम रहे दर्जनों मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाए गए। यह रेडियम बेल्ट रात के समय वाहनों की लाइट पड़ने पर चमकते हैं, जिससे वाहन चालक पहले ही सावधान हो सकें।
पशु चिकित्सा विभाग की सक्रिय भूमिका
इस अभियान का नेतृत्व पशु चिकित्सालय पचपेड़ी के तत्वावधान में किया गया। विभाग के हेमंत पाटले, रमेश सूर्यकांत, रामनारायण लहरे और तरुण सोनत ने मिलकर मवेशियों को सुरक्षित रूप से रेडियम बेल्ट पहनाने का कार्य किया।
पुलिस और पंचायत का सराहनीय सहयोग
इस जनहितकारी कार्य में पचपेड़ी पुलिस थाना से एएसआई ओमकार बंजारे, एएसआई राकेश टांडे, प्रधान आरक्षक तेज कुमार रात्रे और किशोर वानी ने सक्रिय सहयोग किया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत से सरपंच चन्द्रप्रकाश कुर्रे, करन टंडन और प्रदीप मार्शल भी मौजूद रहे।
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की मिसाल
यह पहल न सिर्फ मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि वाहन चालकों के लिए भी एक राहत साबित होगी। इससे पचपेड़ी क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना जताई जा रही है। यह अभियान अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी एक प्रेरणा बन सकता है।

