भटचौरा में अवैध शराब बिक्री को लेकर महिलाओं ने उपसरपंच पर लगाया आरोप, पचपेड़ी थाने में की शिकायत
थाना प्रभारी श्रवण टंडन की सख्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के पचपेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत भटचौरा में इन दिनों अवैध शराब बिक्री को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव की महिला सरपंच और स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने उप सरपंच पर आरोप लगाते हुए पचपेड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में बताया गया है कि भटचौरा सतनामी मोहल्ले में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है, और इसमें उप सरपंच का संरक्षण प्राप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नशे का माहौल बन गया है — शराबियों द्वारा गाली-गलौज और झगड़े की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे गांव का वातावरण बिगड़ रहा है।
महिलाओं ने यह भी कहा कि अवैध शराब की बिक्री शुरू होने के बाद से गांव के पढ़ने-लिखने वाले बच्चे भी नशे की चपेट में आने लगे हैं। उन्होंने उप सरपंच पर असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि गांव को इस समस्या से मुक्त कराया जा सके।
थाना प्रभारी श्रवण टंडन की सख्त निगरानी
जानकारी के अनुसार, पचपेड़ी थाना प्रभारी श्रवण टंडन के पदभार संभालने के बाद से ही क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसी गई है। उनके नेतृत्व में अब तक 100 से अधिक मामलों में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रवण टंडन के आने के बाद से अवैध शराब माफियाओं की खटिया खड़ी हो गई है, और अब गांव में कानून व्यवस्था पहले से बेहतर बनी हुई है।
---
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भटचौरा गांव में भी ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि महिला समितियों की शिकायतों का समाधान हो सके और गांव पुनः शांतिपूर्ण माहौल की ओर लौट सके।

