जोंधरा-चिश्दा सड़क पर धंसा हिस्सा बना हादसे का कारण
तक्षशिला के पास सड़क धंसने से बाइक चालक हो रहे दुर्घटनाग्रस्त, ग्रामीणों ने PWD से सुधार की मांग की
पचपेड़ी। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोंधरा से चिश्दा जाने वाली मुख्य सड़क पर तक्षशिला के पास सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि सड़क के नीचे डॉन पाइप डालने के निर्माण कार्य के बाद सड़क का हिस्सा बैठ गया, जिससे मौके पर गड्ढेनुमा स्थिति बन गई है।
सड़क पर बने इस धंसे हुए हिस्से के कारण बाइक चालक असंतुलित होकर गिर रहे हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में सड़क का धंसा हुआ हिस्सा स्पष्ट दिखाई नहीं देता। तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों के लिए यह स्थान विशेष रूप से खतरनाक बना हुआ है।
हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से मौके पर सावधानी बरतने के लिए बोर्ड लगाया गया है,
लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि केवल चेतावनी बोर्ड लगाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। सड़क की तत्काल मरम्मत कर धंसे हुए हिस्से को समतल करना जरूरी है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से मौके का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में यहां बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई कर वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
